गौ सेवा मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संत स्वामी कृष्णानंद संदिग्ध हालत में लापता हो गए हैं। उनकी गाड़ी नंगल नहर के किनारे मिली है।
- फोटो : अमर उजाला
गौ सेवा मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संत स्वामी कृष्णानंद (भूरी वाले) संदिग्ध हालत में लापता हो गए हैं। उनकी गाड़ी नंगल नहर के किनारे मिली है। स्वामी कृष्णानंद के लापता होने की खबर मिलते ही उनके अनुयायियों ने जमकर हंगामा किया।
गुस्साए अनुयायियों ने नंगल-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और स्वामी की हत्या की आशंका जताई। स्वामी कृष्णानंद की बोलेरो गाड़ी पीबी 32एस-1540 श्रीराम कुष्ठ आश्रम के निकट नंगल नहर के पास मिली है।
इसकी जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुरिंद्रपाल के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अनुयायी सीआर मेहर की मानें तो स्वामी कृष्णानंद का बीती रात को धार्मिक कार्यक्रम चंदपुर (रुड़की) में था। इसके समापन के उपरांत वह अपने आश्रम बीनेवाल (ऊना) आ गए।
आधी रात को लगभग एक बजे वह अकेले ही गाड़ी लेकर आश्रम से निकले। अपना मोबाइल भी यहीं छोड़ गए। उन्होंने बताया कि रात से गाड़ी नहर के पास खड़ी है। संदिग्ध अवस्था में गाड़ी खड़ी होने की सूचना लोगों ने पुलिस को दी।
खुद गाड़ी लेकर निकले थे अध्यक्ष
माना जा रहा है कि वह खुद गाड़ी नहीं चलाते थे। रात को ऐसा क्या हुआ कि वह खुद गाड़ी लेकर आश्रम से निकले।
- फोटो : अमर उजाला
कृष्णानंद लंबे समय से गौ सेवा समिति से जुड़े हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर गौ माता के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि वह खुद गाड़ी नहीं चलाते थे। रात को ऐसा क्या हुआ कि वह खुद गाड़ी लेकर आश्रम से निकले। उधर, थाना प्रभारी नंगल इंस्पेक्टर सुरिंद्रपाल सिंह लिद्दड़ का कहना है कि स्वामी कृष्णानंद की गाड़ी नहर किनारे से मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
कृष्णानंद की जान के दुश्मन बने थे विरोधी : भगत
गौ सेवा मिशन पंजाब के चेयरमैन कीमती भगत ने कहा कि कृष्णानंद पूरे देश में गौ रक्षा की मुहिम के साथ प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में स्लॉटर हाउसों के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहे हैं। इस कारण विरोधी उनकी जान के दुश्मन बने थे। लगभग छह माह पूर्व प्रदेश के डीजीपी अरोड़ा को पत्र लिख कर स्वामी कृष्णानंद को सुरक्षा देने की मांग की गई थी।
गंभीरता से जांच करे पुलिस : मित्तल
पंजाब के उद्योग मंत्री और स्थानीय विधायक मदन मोहन मित्तल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी संत सिंह धालीवाल को मामले की जांच गंभीरता से करने के आदेश दिए हैं।
मामले की जांच गहनता से की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।- संत सिंह धालीवाल, डीएसपी