अब रसोई गैस सिलिंडरों की गाड़ियों के इंतजार में उपभोक्ताओं को सड़क पर घंटों समय नहीं बिताना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए गैस सिलिंडर की सप्लाई लाने वाली गाड़ियों में लाउडस्पीकर लगाने का फैसला लिया है।
खाद्य आपूर्ति महकमे ने गाड़ियों में लाउडस्पीकर लगाने के गैस एजेंसियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बताया है कि गैस सिलिंडर की सप्लाई लेने के लिए अब उपभोक्ताओं को सड़कों पर इंतजार नहीं करना होगा।
लाउडस्पीकर पर गाड़ी के आने की घोषणा होते ही लोगों को अपने घरों पर इसकी जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़कों से जुड़े प्रदेश के सभी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को इस पहल से सुविधा मिलेगी।
अभी गैस सिलिंडर की गाड़ी के लिए कई घंटों तक लोगों को सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जो गैस एजेंसियों इन आदेशों का पालन नहीं करेगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।