विश्व जागृति मिशन शिमला मंडल ने फिगांसक स्थित मिशन भवन में श्रद्धा पर्व आयोजित किया। इसमें मिशन से जुड़े सुधांशु जी के भक्तों ने वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों के चरण धुलाकर उनका टीका किया और उन्हें वस्त्र भेंट करने के साथ ही उनकी दीर्घ आयु की कामना की।
मंडल के प्रधान हरीचंद गुप्ता, महासचिव नवीन गुप्ता, उपप्रधान हरिराम वर्मा सहित सभी संस्था के लोगों ने इस पर्व में हिस्सा लिया। गुप्ता ने बताया कि सत्रह सालों से मिशन इसी तरह से श्रद्धा पर्व का आयोजन करता आ रहा है।
आठ अक्तूबर को दिल्ली में आनंद धाम से महालक्ष्मी यज्ञ से कलश और यंत्र शिमला लाए जाएंगे। बारह अक्तूबर को सभी भक्त तीन बजे कलश का स्वागत करेंगे और उसके बाद सत्संग होगा। भक्तों को यंत्र वितरित किए जाएंगे तथा दिवाली पर मिशन भवन में लक्ष्मी पूजन होगा।
संस्था हर साल की तरह गरीब और जरूरतमंदों की मदद के कार्यक्रम के तहत मदद करेगी। दीनदयाल अस्पताल में शिशु वार्ड में जरूरी सामान वितरित किया जाएगा। मिशन भवन में शुक्रवार को हुए श्रद्धा पर्व में राजीव कुठियाला, रिधाना, गर्ग, श्यामा सेठ, शकुंतला ठाकुर, कृष्णा सूद, बृज मोहन शर्मा, प्रताप ठाकुर, रवि सूद, कुलभूषण सूद, बीडी गुप्ता और सुकर्मा ने भाग लिया।