हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश संजय करोल त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। सोमवार को हिमाचल हाईकोर्ट में संजय करोल के सम्मान में फुल कोर्ट एड्रेस और विदाई समारोह आयोजित हुआ।
विदाई समारोह के दौरान भावुक हुए जस्टिस संजय करोल की माता-पिता और कोर्ट से जुड़ी यादों को लेकर आंखें भी भर आईं। इस अवसर पर जस्टिस संजय करोल ने कहा कि हिमाचल हाईकोर्ट देश के बेहतरीन न्यायालयों में शुमार है।
हाईकोर्ट के कर्मचारियों और अधिकारियों का उन्हें सहयोग करने पर जस्टिस संजय करोल ने आभार भी जताया। हिमाचल से संबंध रखने वाले दीपक गुप्ता के बाद संजय करोल मुख्य न्यायाधीश बने हैं। आठ मार्च 2007 में संजय करोल हाईकोर्ट में जस्टिस बने।
9 माह तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर भी इन्होंने अपनी सेवाएं दीं। जस्टिस संजय करोल जिला कांगड़ा के गरली गांव के रहने वाले हैं। इनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला से हुई है। जस्टिस संजय करोल की मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति फरवरी 2018 से लंबित थी।