वर्ष 2009 और इसके बाद स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित बोर्ड परीक्षाओं में फेल हुए छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। इन छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का मौका हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के जरिये मिलेगा। इसके अलावा संबंधित छात्र ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट का भी लाभ उठा सकेंगे।
शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने इसकी पुष्टि की कि बोर्ड जमा दो के ऐसे छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का मौका देने जा रहा है, जो वर्ष 2009 और इसके बाद बोर्ड की परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण रहे थे और उन्होंने किसी कारण पढ़ाई छोड़ दी थी।
ऐसे छात्र एसओएस अध्ययन केंद्रों के माध्यम से पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। संबंधित छात्र उन विषयों का भी क्रेडिट ले सकेंगे, जिनमें वे उत्तीर्ण हुए थे। छात्र केवल उन्हीं विषयों में परीक्षा दे सकेंगे, जो कि वर्तमान में राज्य मुक्त विद्यालय के अंतर्गत चल रहे हैं।
सीबीएसई के छात्रों को मिलेगा मौका
बोर्ड प्रबंधन एनआईओएस, सीबीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से इस दौरान फेल हुए छात्रों को भी पढ़ाई पूरी करने का मौका देगा। जमा दो में फेल हुए इन छात्रों को भी ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट का लाभ मिलेगा।