हिमाचल में बीपीएल कार्ड धारकों को अब डायलिसिस करवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। गरीबों को कम से कम पैसे में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के केंद्र सरकार के प्रयासों के तहत अब हिमाचल में बीपीएल कार्ड होल्डरों को निशुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी।
जनजातीय जिलों को छोड़ प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जाएगी। सभी जिलों को डायलिसिस मशीन भी मुहैया करवाई जाएगी। इस योजना से प्रदेश के करीब पांच लाख बीपीएल परिवारों को लाभ होगा।
फिलहाल, प्रदेश के तीन जिलों सोलन, धर्मशाला और मंडी में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत मशीनें लगाई गई हैं। एनएचएम के मिशन निदेशक हंसराज शर्मा ने बताया कि बाकी जिलों में भी आने वाले कुछ समय में मशीनें लगा दी जाएंगी।
साथ ही कुल्लू के लिए भी मशीन लगाने का टेंडर हो चुका है। एक महीने में यहां भी मशीन लग जाएगी। इसके बाद जिले के लोगों को डायलिसिस के लिए चंडीगढ़, आईजीएमसी या अन्य किसी बड़े अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा।