कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में जेओए पेपर लीक मामले में राज्य विजिलेंस एंड एंटी क्रप्शन ब्यूरो धर्मशाला की टीम ने जवाली के दो युवकों से शनिवार को पूछताछ की है। आरोपियों से दो मोबाइल फोन, लैपटॉप और दस्तावेज भी बरामद किए हैं। इनमें से एक युवक पुलिस भर्ती लीक मामले में भी नामजद रहा है। लोगों की शिकायत के आधार पर विजिलेंस की टीम ने शनिवार को जवाली के दरकाटी गांव में बलविंदर कुमार और जवाली के सुघाल निवासी नीरज के घर में दबिश देकर दो मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान विजिलेंस टीम ने सुघाल निवासी नीरज के घर से दो मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है तथा दरकाटी निवासी बलविंदर कुमार उर्फ सोनू के घर से एक मोबाइल फोन और पोस्ट कोड 939 का एक प्रश्नपत्र भी बरामद किया है। आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। दरकाटी निवासी बलविंदर कुमार वर्ष 2019 व 2020 में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में भी नामजद रहा है। इस संदर्भ में विजिलेंस विभाग धर्मशाला के एसपी बलबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।