मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि डेढ़ साल के भीतर सुंदरनगर से मनाली तक फोरलेन तैयार हो जाएगा। इसको लेकर सरकार ने एनएचएआई को निदेश जारी किए हैं।
सोमवार को कुल्लू दशहरा केे समापन पर कलाकेंद्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोहतांग टनल का उद्घाटन कर लाहौल जाएंगे। टनल का इस साल उद्घाटन किया जाना था, लेकिन इसके निर्माण में कुछ तकनीकी खामियों के चलते अब यह 2020 तक बनकर तैयार होगी।
टनल के दोनों छोर पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जा रहे हैं। जलोड़ी दर्रा और भुभू टनल के निर्माण पर सरकार काम कर रही है। पर्यटन के लिहाज से लगघाटी को विकसित किया जाएगा।
सीएम ने पर्यटन विभाग से भल्याणी से मठासौर ट्रैकिंग रूट की संभावनाएं तलाशने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज में व्याप्त नशे की बुराई से मिलकर लड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश को पॉलिथीन मुक्त बनाने की आवश्यकता है, जिसमें सभी के संयुक्त प्रयास होने चाहिए। सरकार ने व्यक्तिगत और नगर परिषदों से 75 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर पॉलिथीन खरीदने की नई पहल की है।
इससे न केवल प्रदेश पॉलिथीन मुक्त राज्य बनेगा, बल्कि इससे पर्यावरण प्रदूषण से भी बचा जा सकेगा। लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र पर छत लगाने की संभावनाओं को तलाशा जाएगा, ताकि खराब मौसम में भी इस तरह के आयोजन समस्या न आए।