शकराला में 260 मीटर ऊंचे पिलर पर बन रहा सबसे ऊंचा फोरलेन पुल, शोघी में भी 150 मीटर ऊंचे पुल का ढांचा तैयार
सैलानियों के लिए बनेंगे आकर्षण का केंद्र, शिमला की घटेगी दूरी, पुल पर सेल्फी प्वाइंट से कर सकेंगे वादियों का दीदार
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में देश के दो सबसे ऊंचे फोरलेन पुल तैयार किए जाएंगे। इनमें शहर से सटे शकराला में देश का सबसे ऊंचा फोरलेन पुल तैयार किया जा रहा है। वहीं, शोघी के आनंदपुर में भी 150 मीटर ऊंचे पुल का ढांचा बनकर तैयार हो गया है।
इनसे न सिर्फ शिमला की दूरी कम होगी बल्कि सैलानियों के लिए भी ये आकर्षण का केंद्र बनेंगे। फोरलेन पुल पर बनने वाले सेल्फी प्वाइंट से शिमला की वादियों के दीदार हो सकेंगे। शकराला में बन रहा 260 मीटर ऊंचाई वाला पुल 584 मीटर लंबा होगा। देश के इस सबसे ऊंचे फोरलेन पुल को टूरिस्ट सेल्फी प्वाइंट के तौर पर भी विकसित करने का फैसला लिया गया है। कालका-शिमला फोरलेन के इस सबसे बड़े प्रोजेक्ट का काम जोरों से चल रहा है। इस पुल के लिए कुल साल पिलर तैयार किए जा रहे हैं इनमें एक पिलर 260 मीटर ऊंचा होगा। अब तक मौके पर 70 मीटर ऊंचा पिलर तैयार कर लिया गया है। साल 2027 तक इस मेगा प्रोजेक्ट का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शिमला आने वाले सैलानियों के लिए यह पुल आकर्षण का केंद्र बनेगा। यहां बनने वाले सेल्फी प्वाइंट से सैलानी शिमला से सटे इलाकों की वादियों को कैमरे में कैद कर सकेंगे।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक आनंद कुमार ने बताया कि शिमला में देश का सबसे ऊंचे पुल तैयार होगा। जल्द इसका निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
शोघी में भी बन रहा 150 मीटर ऊंचा पुल
शोघी के आनंदपुर में 250 मीटर लंबा और 150 मीटर ऊंचा बैलेंस कैंटीलिवर ब्रिज तैयार किया जा रहा है। मौके पर इसका ढांचा तैयार कर लिया गया है। इसका काम अगले साल तक पूरा होने का टारगेट रखा गया है। एनएचएआई के अनुसार अत्याधुनिक डिजाइन और तकनीक से इस ब्रिज को तैयार किया जा रहा है। ब्रिज बनने से शिमला जैसे पहाड़ी इलाकों में पहाड़ों को नुकसान कम होगा। इसके अलावा दो स्थानों के बीच की दूरी भी कम हो जाएगी।
आंकड़ों में समझें ढली-कैथलीघाट फोरलेन
3914 करोड़ से तैयार हो रहा 28 किलोमीटर लंबा फोरलेन
12 किमी तक घटेगा कैथलीघाट से शिमला का सफर
24 छोटे बड़े पुल और 8 टनल बनेंगी
2750 मीटर की सबसे लंबी टनल ढली में बनेगी