हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
स्वीडन में चार से नौ जुलाई तक हो रहे अंतरराष्ट्रीय पार्टिले कप हैंडबाल प्रतियोगिता में प्रदेश की चार महिला खिलाड़ियों का चयन इंडिया जूनियर हैंडबॉल टीम में हुआ है। जबकि दो महिला खिलाड़ी वियतनाम में एशियन बीच गेम्स के लिए चयनित हुई हैं, जो सितंबर माह में आयोजित होगी।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में निधि, दीक्षा, मेनका और बबीता शामिल हैं। इनमें से निधि और मेनका एशियन बीच गेम्स में भी खेलेंगी। गौर हो कि इससे पूर्व चारों खिलाड़ी प्रदेश व जिला को गोल्ड व रजत पदक दिलवा चुकी हैं। चयनित खिलाड़ियों ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला हैंडबॉल खिलाड़ी व कोच स्नेहलता से प्रशिक्षण हासिल किया है।
स्वीडन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चारों खिलाड़ी दो जुलाई को दिल्ली से स्वीडन के लिए रवाना होंगी। इंडिया हैंडबाल जूनियर टीम का प्रशिक्षण हरियाणा के नरवाल में चल रहा है। इसमें हरियाणा में जींद के डीएसओ जुगविंद्र सिंह कोच और हैंडबॉल फेडरेशन इंडिया के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय प्रशिक्षण दे रहे हैं।
स्वीडन के बाद खिलाड़ी एशियन गेम्स की तैयारियों में जुट जाएंगी। घुमारवीं की रहने वाली निधि और दीक्षा ने हाल ही में ही बारहवीं की परीक्षा पास की है। चारों खिलाड़ियों के चयन से उनके माता-पिता व रिश्तेदारों में खुशी की लहर है।
हिमाचल प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष व सदर विधायक बंबर ठाकुर तथा महासचिव श्याम लाल कौंडल ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी है। साथ ही खिलाड़ियों के चयन पर कोच स्नेहलता व सचिन चौधरी ने भी खुशी जाहिर की है। Published by Arvind Thakur