जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस रिकांगपिओ हांगों से लियो की तरफ जा रही थी। इस रूट पर सड़क की हालत बेहद खस्ता है। बताया जा रहा है कि खराब सड़क के चलते ही बस चालक के नियंत्रण से बाहर होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई।
ढलान में गिरने के बाद बस पलटा खाकर स्पीति नदी में समा गई। शाम करीब 6.30 बजे हुई इस दुर्घटना से कुछ देर पहले ही बस से सात सवारियां उतरीं थीं। वहीं, बस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य को दौड़ पड़े।
निकटवर्ती पूह स्टेशन पर भी पुलिस को सूचित किया गया। पानी के बहाव में पलटा खाकर फंसी बस से सवारियाें को निकालना मुश्किल हो गया। लेकिन स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलाें को बाहर निकाला और पूह शिफ्ट कर दिया।
रेस्क्यू के बावजूद चार लोगाें की जान नहीं बचाई जा सकी। दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। हिमाचल में सड़कों की खराब हालत लगातार हादसों को न्यौता दे रही हैं। सड़कों की बदतर हालत से आए दिन हादसे हो रहे हैं।