जयराम मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में जिस आईटी पार्क को बनाने के लिए जमीन मुहैया कराने की मंजूरी दी गई है, उसके बनने के बाद करीब चार सौ युवाओं को नौकरी मिलेगी। साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) इस पार्क को स्थापित करेगा।
इससे स्थानीय आईटी कंपनियों को शुरुआती दौर में स्थापित होने तक के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराया जाएगा। आईटी विभाग के निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि गगल एयरपोर्ट के नजदीक एसटीपीआई को आईटी पार्क बनानेे के लिए चार बीघा जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।
इस जमीन पर एसटीपीआई एक पार्क तैयार करेगा, जहां नई आईटी कंपनियों को कुछ समय के लिए अपना ऑफिस बनाने की जगह मुहैया कराई जाएगी। ठाकुर ने बताया कि यह उन कंपनियों को दी जाएगी, जो शुरुआती दौर की
छोटी स्थानीय कंपनियां है और वह इन्फ्रास्ट्रक्चर पर निवेश करने की स्थिति में न हो। कुछ सालों में जब वह स्थापित हो जाती है तो वह पार्क से दूसरी जगहों पर शिफ्ट हो जाती है और पार्क में अन्य नई कंपनियों को जगह दी जाती है।