काजा खंड में आइस स्केटिंग गतिविधियां पिछले पांच सालों से आयोजित की जा रही हैं। पिछले वर्ष से यहां पर आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्पीति घाटी के तोंद, सेंटर, शाम तथा पिन चारों जोनों से महिला व पुरुष खिलाड़ियों के अलावा अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं।
लाहौल एवं स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने मंगलवार को काजा स्थित आइस स्केटिंग रिंग में आयोजित किए जा रहे चार दिवसीय आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि काजा खंड में आइस स्केटिंग गतिविधियां पिछले पांच सालों से आयोजित की जा रही हैं। पिछले वर्ष से यहां पर आइस हॉकी स्पीति कप प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्पीति घाटी के तोंद, सेंटर, शाम तथा पिन चारों जोनों से महिला व पुरुष खिलाड़ियों के अलावा अंडर-18 आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्पीड स्केटिंग के अंतर्गत अंडर-8, 12 व 16 आयु वर्ग के बच्चे भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं और इसमें से जो बच्चे चयनित होंगे उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका भी मिलेगा।
विज्ञापन
विधायक ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों के आयोजन से युवाओं का रुझान इस खेल के प्रति बढ़ेगा तथा जिले के युवाओं को विभिन्न आइस स्केटिंग खेलों में भाग लेने का अफसर भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिला लाहौल-स्पीति के बच्चों को आइस हॉकी के साथ अन्य खेल गतिविधियों के भाग लेकर जिला व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक खेल गतिविधियों से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अनेकों प्रयास कर रही है। साथ ही जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्टेडियमों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवा रही है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए काजा में भी 1.50 करोड़ रुपये की राशि व्यय कर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिला के अन्य स्थानों पर भी स्टेडियम विकसित करेंगे और इन स्टेडियमों के तैयार होने पर यहां के बच्चों को इसका फायदा अवश्य मिलेगा। विधायक ने इस अवसर पर आइस हॉकी एसोसिएशन स्पीति को एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इससे पहले भी विधायक ने एसोसिएशन को आइस हॉकी के सहायक उपकरणों के लिए 6 लाख की राशि प्रदान की है। सेंटर जोन काजा व तोद जोन क्याटो को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए 10-10 हजार रुपये दिए। इससे पूर्व कार्यकारी अतिरिक्त उपायुक्त काजा शिखा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें बुद्ध भगवान की प्रतिमा, शाल व थंका भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर रॉयल एनफील्ड के शयाश काला ने आइस हॉकी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के बारे में अपने विचार रखे। आइस हॉकी एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्य डॉक्टर बिट्टू ने भी आइस हॉकी के आयोजन एवं गतिविधियों से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं।