एक वायरल पत्र को अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट करने के आरोप में घिरे पूर्व सीपीएस नीरज भारती शुक्रवार को साइबर क्राइम पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। इसके पीछे उन्होंने ई-मेल के जरिये पोस्ट कोविड परेशानियों का हवाला दिया है। कहा है कि उनके परिवार के कई लोग हाल ही में कोरोना संक्रमित हुए थे, ऐसे में वह भी अस्वस्थ होने के कारण शिमला नहीं आ सके।
साथ ही अगली तारीख देने के लिए कहा है। उनकी इस ई-मेल के बाद अब जांच अधिकारी भारती को बुलाने के लिए अगली तारीख तय कर रहे हैं। एडिशनल एसपी साइबर क्राइम नरवीर राठौर ने बताया कि अब उन्हें पूछताछ में शामिल करने के लिए अगली तारीख दी जाएगी।
साइबर क्राइम पुलिस थाने में भाजपा की एक नेता की शिकायत पर भारती और पत्र लिखने वाले पवन राणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि एक वायरल पत्र को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया और दुष्प्रचार किया गया। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने भारती को नोटिस भेजकर 18 जून को पूछताछ में शामिल होने के लिए बुलाया था। इसके साथ ही पुलिस डिजिटल साक्ष्य भी जुटाने में लग गई है।