दिल्ली से शिमला लाई थी नशे की सामग्री, महिला से 38 हजार की नकदी भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी शिमला में ड्रग तस्करी मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग पैडलर की महिला सदस्य को 206 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान माफो टीग जूलियट (41) कैमरून निवासी के तौर पर हुई है। पुलिस ने महिला से 38 हजार की नकदी भी बरामद की है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक कैमरून निवासी आरोपी महिला दिल्ली में रहती है और चिट्टा तस्करी मामले में संलिप्त है। बीते रोज छोटा शिमला पुलिस थाना के तहत एक विदेशी छात्र को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी ने महिला के नाम का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने महिला को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर महिला को गिरफ्तार किया। एएसपी प्रवीर की अगुवाई में टीम ने सुबह दो बजे महिला को हेरोइन की खेप के साथ शोघी बैरियर के पास पकड़ा। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला पहले भी दिल्ली से चिट्टे की सप्लाई लेकर आती रही है। लेकिन महिला, पुलिस को हर बार गच्चा देकर निकल जाती थी। इस बार मुखबिरों की पुख्ता सूचना मिलने पर एसआईयू, साइबर क्राइम और शिमला पुलिस ने जाल बिछाकर विदेशी महिला को 206 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया। एएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि अदालत में पेश करने के बाद महिला आरोपी को पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस पूछताछ में और भी कहीं सनसनीखेज खुलासे होने बाकी है।
युवक से चिट्टे के साथ गिरफ्तार
शिमला। राजधानी में पुलिस की एसआईयू टीम ने देररात एक युवक को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस ने इसके कब्जे से 8.58 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसकी पहचान शुभम कुमार (23) निवासी झाकड़ी रामपुर के तौर पर हुई है। बालूगंज थाना पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। एसआईयू टीम ने शोघी बैरियर के पास एचआरटीसी की बस में निरीक्षण के दौरान युवक को चिट्टे के साथ पकड़ा। आरोपी के पास सोलन से शिमला तक का टिकट था। एएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि अदालत ने आरोपी को रिमांड पर भेजा है।