वन विभाग की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के मंडी के पड्डल मैदान में वन विभाग की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधान मुख्य अरण्यपाल और वन बल प्रमुख अजय श्रीवास्तव ने किया। तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में राज्य के 13 वन सर्कल के 700 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहली मर्तबा महिला वर्ग के टीम इवेंट भी होंगे। पहले दिन पुरुष वर्ग की 800 मीटर दौड़ में धर्मशाला के प्रदीप कुमार ने पहला, हमीरपुर के जतिन ने दूसरा, मंडी के कुलविंद्र ने तीसरा स्थान हासिल किया। ऊंची कूद के ओपन पुरुष वर्ग में हमीरपुर के अंकुर ने पहला, चंबा के जतिन ने दूसरा और वन निगम के हरीश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। वेटरन वर्ग में डायरेक्शन ऑफिस के नरेश कुमार ने पहला, मंडी के कमल सिंह को तीसरा स्थान मिला।
मार्च पास्ट में नाहन को पहला, मंडी दूसरे, रामपुर और शिमला को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल हुआ। भाला फेंक पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में सोलन के सनी प्रथम, केवल राम दूसरे और हमीरपुर के विकास कौषल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में मंडी की प्रिया ठाकुर प्रथम, रामपुर की उषा दूसरे और हमीरपुर की बबीता तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वेटरन वर्ग में वाइल्ड लाइफ के कर्मचारी देवी राम ने प्रथम स्थान, मंडी के कमल सिंह दूसरे और डायरेक्शन ऑफिस के नरेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वन विभाग के उत्कृष्ट खिलाड़ियों कुलविंद्र, हंसराज, उषा, अंबिका और शालू शर्मा ने मशाल प्रज्ज्वलित की।
सिरमौर और ऊना ने जीती ओवरआल विजेता की ट्रॉफी
वहीं, जिला मुख्यालय धर्मशाला में चल रहीं राज्य स्तरीय अंडर-14 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कांगड़ा ने एमपी गुलेरिया ने शिरकत की। तीन दिन तक चली इन खेलों में लड़कों के वर्ग में सिरमौर और लड़कियों में ऊना को ओवरआल चैंपियन की ट्रॉफी से नवाजा गया। लड़कियों के वर्ग में बेस्ट एथलीट जिला ऊना की दिव्या रहीं। वहीं लड़कों के वर्ग में बेस्ट एथलीट सिरमौर के गौरव बने। वहीं जूडो में हमीरपुर की अंकिता श्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं।