दिल्ली में हवाला कारोबार और दलाईलामा की जासूसी के आरोप में पकड़े गए चीन के जासूस के तार कांगड़ा जिले से जुड़े होने के बाद जांच लगातार चल रही है। केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच में नया खुलासा यह हुआ है कि हवाला कारोबार और दलाईलामा की जासूसी के आरोप में पकड़े गए चीन के जासूस के संपर्क में रही विदेशी महिला फर्राटेदार हिंदी बोलती है। यह महिला वर्ष 2014 से मैकलोडगंज में रह रही थी।
विदेशी महिला की शादी एक अंग्रेज के साथ हुई थी। बाद में वह पति से अलग अकेली रह रही है। मैकलोडगंज में रहने के दौरान महिला लगातार चीनी जासूस के संपर्क में थी, इसका खुलासा पुलिस जांच में हुआ है। हालांकि, अभी तक बैंक डिटेल की जांच के दौरान जांच एजेंसियों को कोई हवाला रैकेट का बड़ा सुबूत नहीं मिला है। हाई प्रोफाइल मामले में पुलिस अधिकारी किसी भी प्रकार की जानकारी देने से परहेज कर रहे हैं।
पुलिस ने बैजनाथ उपमंडल के तिब्बती मठ और उसके आसपास के क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस के जवान रोजाना मठ में जांच पड़ताल कर रहे हैं। चीनी जासूस के संपर्क में रही मैकलोडगंज में रहने वाली विदेशी महिला और उसकी दोनों बेटियों से पुलिस ने पूछताछ की है । विदेशी महिला को लेकर बैजनाथ के बौद्ध मठ में पिछले सप्ताह से पुलिस जांच कर रही है।