सरकार लगातार ले रही छात्र विरोधी फैसले : नेगी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र संघ चुनाव की बहाली और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है।
विश्वविद्यालयों में बढ़ रहे राजनीतिक हस्तक्षेप को रोकने के हो रहे प्रयासों सहित अन्य मांगों को लेकर यह आंदोलन लड़ा जाएगा। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री आकाश नेगी ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की 25 अगस्त को ज्वाला जी में हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार कर दी है। बैठक में 102 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था। इसमें अगले एक साल की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर पारित की गई। आकाश नेगी ने कहा कि विश्वविद्यालय में अभी तक सरकार स्थायी कुलपति की नियुक्ति नहीं कर पाई है।
परीक्षा परिणाम में अनेकों अनियमितताएं निरंतर सामने आ रही हैं, प्रदेश के अंदर छात्र संघ चुनाव बंद किए हैं। सरकार चुनाव बहाल करने को लेकर कुछ नहीं कर रही है। प्रदेश में आज भी ऐसे शिक्षण संस्थान हैं, जहां मूलभूत सुविधाएं तक नहीं हैं। कृषि विश्वविद्यालय की 120 हेक्टेयर भूमि को पर्यटन विलेज के नाम पर छीनने का प्रयास हो रहा है। सरकार लगातार छात्र विरोधी फैसले ले रही है। इन सभी मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है, इसमें पहले चरण में प्रधानाचार्य के माध्यम से शिक्षा मंत्री को मांग पत्र भेजा जाएगा। इकाई सतर पर परिसरों में प्रदर्शन होंगे और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। एबीवीपी आंदोलन को और उग्र करते हुए अगले चरण में मांगे मनवाने को सांकेतिक भूख हड़ताल कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने और छात्र हित में फैसले लेने की मांग करेगी।