अब 450 की जगह 400 रुपये में मिलेगी 40 किलो लकड़ी, शहर के लोगों ने किया था दाम बढ़ाने का विरोध
विज्ञापन
गदर फ्रंट संस्था के संयोजक रवि कुमार ने दिया था धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के श्मशानघाटों में दाह संस्कार में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी के दाम विरोध के बाद जिला प्रशासन ने घटा दिए हैं। गदर फ्रंट संस्था के संयोजक रवि कुमार दलित ने बीते दिनों इसका विरोध किया था।
प्रशासन की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया न मिलने के बाद उन्होंने संजौली श्मशानघाट में एक दिन का सांकेतिक अनशन भी किया था। इसके अलावा अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। संजौली श्मशानघाट सनातन धर्म सभा के अधीन है। यहां पर पहले 40 किलो लकड़ी के 350 रुपये लिए जाते थे जो बढ़ाकर 450 रुपये कर दिए थे। अब जिला प्रशासन ने दामों में 50 रुपये की कमी कर दी है। उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में सनातन धर्म सभा के पदाधिकारी और गदर फ्रंट संस्था के संयोजक रवि कुमार दलित भी मौजूद रहे। इस दौरान सनातन धर्म सभा के प्रधान अजय सूद ने कहा कि पहले वह प्राइवेट सेल वालों से लकड़ी खरीदते थे जहां पर सस्ते दामों पर मिलती थी। अब सरकार ने पिछले एक साल से लकड़ी कटवाना बंद कर दी है तो ऐसे में उन्हें सरकारी डिपुओं से लकड़ी खरीदनी पड़ रही है जहां पर सभा को भी 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा चुकाने पड़ रहे हैं। डीसी अनुपम कश्यप ने सनातन धर्म सभा की ओर वन विभाग को लकड़ी के दाम कम करने के लिए पत्र भेजने को कहा। इसकी एक प्रति उपायुक्त को भी भेजनी होगी।