रोज डे के साथ शहर में वेलेंटाइन सप्ताह की शुरुआत शुक्रवार को हो गई। प्रेमी-प्रेमिका ने एक दूसरे को गुलाब का फूल देकर प्यार का इजहार किया। 14 फरवरी तक चलने वाले वेलेंटाइन सप्ताह के लिए राजधानी के बाजार भी पूरी तरह तैयार हैं। पहले दिन गुलाब के फूलों की 500 कलियां बिकीं।
गंज बाजार में स्थित फूलों की दुकान पर शुक्रवार को दिनभर युवा तरह-तरह के फूलों की खरीददारी करते हुए नजर आए। इसके अलावा गिफ्ट गैलरियों में युवाओं की काफी भीड़ रही। दुकानदार सुभाष शर्मा ने बताया कि वेलेंटाइन डे को लेकर हर एक दिन के लिए अलग-अलग कार्ड बिक्री के लिए रखे हैं। इसके अलावा हार्ट (दिल) की पैकिंग में चॉकलेट और कई प्रकार के नए गिफ्ट भी बाजार में आए हैं, जिन्हें युवा खूब पसंद कर रहे हैं। वेलेंटाइन सप्ताह के लिए बाजार में स्पेशल ऑर्डर पर एगलेस (बिना अंडे ) केक बनाए जा रहे हैं। रोज डे लिए बाजार में अलग-अलग डिजाइन वाले केक तैयार किए थे।
कारोबारी तरुण राणा ने बताया कि एक हफ्ता पहले से 10 से 15 केक बनाने के लिए एडवांस बुकिंग हो गई थी। बताया कि शुक्रवार को करीब 30 केक बिके। इसके अलावा ऑनलाइन भी केक और फूलों की बिक्री हो रही है। यहां पर केक की कीमत 300 से 400 रुपये तक है। इसके अलावा लोगों के पसंदीदा डिजाइन के अनुसार भी केक तैयार किए जा रहे हैं।
बंगलूरू और दिल्ली से मंगवाए गए हैं खास तरह के फूल
गंज बाजार में स्थित फूलों की दुकान के कारोबारी लालू ने बताया कि इस बार वेलेंटाइन सप्ताह के लिए बंगलूरू और दिल्ली से खास तरह के फूल मंगवाए गए हैं। रोज डे के दिन 500 फूलों की बिक्री हुई। इसमें 100 फूलों के एडवांस में ऑनलाइन ऑर्डर आए थे। इनकी होम डिलिवरी भी की गई। एक फूल की कली 40 से 50 रुपये में बिकी। बताया कि ऑनलाइन फूलों के ऑर्डर के लिए उन्होंने एक एप भी बनवाई है। बताया कि ज्यादातर युवा ऑनलाइन ही फूलों की खरीद पसंद कर रहे हैं।
इसलिए मनाते हैं रोज डे
माना जाता है कि रोम के राजा क्लॉडियस द्वितीय के शासनकाल (तीसरी सदी) में संत वेलेंटाइन ने प्रेम और विवाह को बढ़ावा देने के लिए संघर्ष किया था। इस कारण उन्हें दंडित किया गया, उनके प्रेम और बलिदान की याद में वेलेंटाइन वीक (सप्ताह) मनाया जाने लगा। इसमें रोज डे पहला दिन होता है।