जिले में दो अलग-अलग हादसों में पांच साल की बच्ची और एक व्यक्ति की मौत हो गई। जसूर-तलवाड़ा सड़क पर गारन में बाइक और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। हादसे में पांच साल ने दम तोड़ दिया। इधर, हरिपुर के तहत कच्छौर गांव में चैक डैम में डूबने से 52 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामलों की छानबीन शुरू कर दी है।
पहले हादसे में बाइक सवार शैलेंद्र कुमार बरियाल-राजा का तालाब से बुंगल बधानी की तरफ जा रहा था। जबकि ट्रैक्टर चालक अमित कुमार पुत्र काका राम निवासी दाहब जसूर से राजा का तालाब की तरफ आ रहा था। इसी बीच गारन में पहुंचने पर बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक पर आगे बैठी पांच वर्षीय बच्ची लक्षिता मल्होत्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राजा का तालाब स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए परिजन उसे पठानकोट स्थित निजी अस्पताल में ले गए। जहां बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो को सौंप दिया गया।
उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने कहा कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक अमित कुमार सपुत्र काका राम निवासी दाहब फतेहपुर के खिलाफ मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। इधर, हरिपुर के कच्छौर गांव में चैक डैम के पास पांव फिसलने व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। इसकी पहचान उत्तम चंद (52) निवासी कच्छौर के रूप में हुई है। उत्तम चंद सुबह के समय घर से घूमने निकला था।
चैक डैम पार करते समय पांव फिसल जाने से वह पानी में जा गिरा। डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया। उधर, डीएसपी देहरा रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।