इंडो इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी लीग (आईआईपीकेएल) में सूबे के पांच खिलाड़ी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। देश में पहली मर्तबा शुरू हो रही इस लीग के लिए प्रदेश के पांच खिलाड़ियों का चयन नीलामी के माध्यम से हुआ है। इनमें नालागढ़ उपमंडल के चार, जबकि ऊना के एक खिलाड़ी को मौका मिला है।
हालांकि प्रो कबड्डी लीग सीजन-7 का आगाज जुलाई माह से होने वाला है, लेकिन उससे पहले 13 मई से 4 जून तक आईआईपीकेएल सीजन शुरू हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में खासा क्रेज बना हुआ है। प्रो कबडडी लीग के सीजन-7 में भी नालागढ़ के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है और आईआईपीकेएल की नीलामी में भी नालागढ़ के चार खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है।
पुणे, मैसूर व बंगलूरू में होने वाली आईआईपीकेएल सीजन में कुल 44 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें 16 विदेशी खिलाड़ियों सहित कुल 160 खिलाड़ी भाग लेंगे। अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच राकेश कुमार ने कहा कि यह बड़े गौरव का विषय है कि प्रो कबड्डी लीग के साथ अब आईआईपीकेएल में भी नालागढ़ के खिलाडिय़ों को मौका मिला है।
चार खिलाड़ी 6-6 लाख, एक 10 लाख में खरीदा
नालागढ़ के गांव राजपुरा के खिलाड़ी अभिनंदन को 6 लाख में पुणे प्राइड ने खरीदा है। अभिनंदन इससे पहले प्रो कबड्डी में दमखम दिखा चुके हैं। इसी गांव के रमनजीत कुमार चेन्नई चैलेंजर की ओर से खेलेंगे। उनका दाम भी 6 लाख रुपये लगा है। नालागढ़ के पंजैहरा के खिलाड़ी लाभ कुमार को 6 लाख में तेलुगू बुल्स ने खरीदा है। नालागढ़ के कल्याणपुर के खिलाड़ी राम दयाल हरियाणा हीरोज की ओर से खेलेंगे। इन पर भी 6 लाख रुपये का दांव लगाया गया है। ऊना जिला के पुबोवाल के खिलाड़ी सतनाम सिंह को हरियाणा हीरोज ने 10 लाख की बोली लगाकर खरीदा है।