प्रो-कबड्डी लीग में इस बार हिमाचल के आठ खिलाड़ी जौहर दिखाएंगे। इस सीजन में हिमाचल के पांच नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। तीन खिलाड़ी पिछले सीजन में खेल चुके हैं। प्रो-कबड्डी सीजन पांच का शेड्यूूल भी जारी कर दिया गया है। इस बार लीग की शुरुआत 28 जुलाई को हैदराबाद से होगी।
इसका समापन 28 अक्तूबर को होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मैच चेन्नई में होंगे। प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव रत्न लाल ठाकुर को इस सीजन का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सीजन पांच में इस बार खिलाड़ियों की बोली दिल्ली में लगी थी। इसमें हिमाचल के आठ खिलाड़ियों की भी बोली लगी।
अजय ठाकुर (सोलन) को 69.5 लाख (तामिल थलाईवास) ने खरीद है। वह टीम के कप्तान होंगे। विनीत कुमार (ऊना) को भी इसी टीम में जगह मिली है। उनकी बोली दस लाख रुपये में लगी है। रोहित राणा (कांगड़ा) तेलगू टाइटल से खेलेंगे। उनकी बोली 27 लाख रुपये में लगी है।
विशाल भारद्वाज (ऊना) भी तेलगू टाइटल टीम के सदस्य होंगे। इनकी बोली पांच लाख रुपये लगी थी। महेंद्र (मंडी) को बंगलूरू बुल्स ने 20 लाख में खरीदा है, जबकि सुरेंद्र (ऊना) और शिवओम (सोलन) यू मुंबा से खेलेंगे। दोनों को छह-छह लाख रुपये मिलेंगे। गुरविंद्र (सोलन) यूपी योद्धा से खेलेंगे। उनकी बोली 12 लाख रुपये में लगी है।
प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव रत्नलाल ठाकुर इस सीजन में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उन्हें भी पहली बार इस तरह की जिम्मेवारी सौंपी गई है। उन्होंने इसके लिए स्टार स्पोर्ट्स एशियन कबड्डी संघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत तथा एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष डॉ. मृदुला भदौरिया का आभार जताया है।
पनौह स्कूल के शारीरिक शिक्षक करेंगे प्रो कबड्डी में अंपायरिंग
बिलासपुर जिले से संबंध रखने वाले कृष्ण लाल प्रो-कबड्डी लीग में अंपायरिंग करेंगे। वे जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनौह में बतौर शारीरिक शिक्षक तैनात हैं। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय रेफरी भी हैं।