फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार हादसों से दहला हिमाचल, मां-बेटे समेत 6 की मौत, एक घायल

Thu, 16 Feb 2017 02:32 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सांगला/भावानगर (किन्नौर), शिलाई (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में किन्‍नौर और सिरमौर जिले में हुए दो बड़े कार हादसों में मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत हो गई। किन्नौर जिले के प्रयागपोहधार के निचार संपर्क मार्ग पर देर रात कार के खाई गिरने से तीन युवकों की मौत हो गई। ये सभी कार में सवार होकर भावानगर से निचार जा रहे थे। प्रयागपोहधार के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर 300 फीट खाई में जा गिरी। 
विज्ञापन


इससे कार में सवार पंकज आनंद (22) गांव आनस, निरमंड, कुल्लू, दीपक मौयान (24) गांव तरांडा थाच, किन्नौर और मोहित नेगी (23) चौरा किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों को हादसे का पता चला तो मौके की तरफ दौड़े और पुलिस को भी सूचित किया। 

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर  पहुंचाया। पोस्टमार्टम  के बाद शव परिजनों के सौंप दिए हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निचार मदन सिह, भावानगर थाना से एएसआई जयसिंह, मुख्य आरक्षी शशि मुख्य आरक्षी पवन ठाकुर, सिपाही जितेंद्र, रोहित, कपिल, प्रेम, पूर्व प्रधान सुंगरा बलवंत सिंह नेगी, उपप्रधान सुंगरा राकेश नेगी मौके पर पहुंचे। 
विज्ञापन


एसडीएम भावानगर सुरेंद्र मोहन भी रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे।  प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को बीस-बीस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। डीएसपी किन्नौर बीडी भाटिया ने कहा कि मंगलवार देर शाम को निचार संपर्क मार्ग पर हुए कार हादसे में तीनों युवकों  की मौके पर मौत हो गई है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद भावानगर बाजार में दुकानें बंद रहीं।
विज्ञापन

सिरमौर के पास भी खाई में गिरी कार, मां-बेटे समेत 3 की मौत

सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल के अंतर्गत जामना-मटियाना सड़क मार्ग पर बुधवार सुबह एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन में दाखिल किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार रिश्तेदारी में किसी की मृत्यु पर शोक प्रकट करने जा रहा था। 

शिलाई इलाके में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। खस्ताहाल सड़कें हादसे की वजह बताई जा रही है। मंगलवार को भी नैनीधार सड़क मार्ग पर एक ट्रक लुढ़क जाने से दो की मौत हुई थी, जबकि तीन छात्राएं घायल हुईं। इस हादसे के दूसरे ही दिन बुधवार को सुबह करीब 9:40 बजे जामना से मटियाना जा रही आल्टो कार एनएच 707 पर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। 

हादसे में फार्मासिस्ट भवान सिंह (58), नोमी देवी (55) और राजेंद्र सिंह 35 की मौत हो गई। राजेंद्र नोमी देवी का बेटा बताया जा रहा है, जबकि नोमी देवी मृतक फार्मासिस्ट भवान सिंह की भाभी थी। इस हादसे में जानकी देवी (48) व बाला देवी (28)को शिलाई अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आल्टो कार एनएच 707 पर शिलाई से लगभग 7 किलोमीटर दूर लोराहं के समीप लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही शिलाई अस्पताल से 108 व पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। शिलाई अस्पताल में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों  को सौंप दिए गए हैं। शिलाई थाना के एसएचओ दुलो राम ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की जा रही है। उधर, शिलाई के एसडीएम गिरीश सकलानी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार व घायलों को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। 

सड़क हादसे को लेकर इलाके में शोक लहर छा गई है। शिलाई के विधायक बलदेव तोमर, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोभा राम, महामंत्री सुरेंद्र राणा व कुलदीप शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। विधायक बलदेव तोमर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें दुख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें