धर्मपुर गड़खल वाया सनावर रोड पर शिल्ली कलां में पशुशाला में आग लग गई। इस घटना में पांच गाय जिंदा जल गईं। जबकि, इसके आसपास पड़ा सामान भी राख हो गया। इससे लाखों का नुकसान हो गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार गांव शिल्ली कलां की कमला देवी ने घर की निचली मंजिल पर पशुशाला बनाई थी।
यहां पांच जर्सी गाय रखी थीं, लेकिन अचानक देर रात पशुशाला में आग लग गई। महिला के भाई धनी राम ने बताया कि देर रात जब इनकी बेटी उठी तो देखा कि पशुशाला के आसपास आग लगी हुई है। इनकी बेटी ने सबको उठाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की, लेकिन आग की लपटों पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
इस घटना में करीब चार से पांच लाख का नुकसान हुआ है। घटना के बारे में एसडीएम कसौली, पुलिस थाना व गुल्हाडी ग्राम पंचायत के प्रधान मदन मोहन मेहता को भी बताया गया है। पुलिस थाना धर्मपुर प्रभारी दया राम ठाकुर ने कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।