हिमाचल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। 12 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा। एक वोट की अहमियत क्या होती है, इसे श्याम सरण नेगी से बेहतर भला कौन जान सकता था। इसी के चलते वे जीवन भर लोगों को मतदान का महत्व समझाते रहे और प्रेरित करते थे। एक वोट ने नेगी को देश का हीरो बना दिया था। चुनाव आयोग ने उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया। वोट डालने जाते समय रेड कारपेट पर उनके हर कदम पर फूल बरसाए जाते थे।
उन्हें भारतीय लोकतंत्र का लिविंग लीजेंड भी कहा जाता रहा है। हर बार की तरह इस बार भी कल्पा के एसडीएम पहली वार मतदान करने वाले युवाओं को उनके पास लेकर गए। नेगी ने अपने मतदान से जुड़ी बातें उनसे शेयर कीं और उन्हें हर मतदान करने और औरों को भी प्रोत्साहित करने के लिए कहा। कितनी भी विकट स्थिति हो, सेहत साथ दे या न दे, उन्होंने हर मतदान में भाग लिया। वे मतदान प्रतिशतता बढ़ाने, युवा और बुजुर्गों में उत्साह भरने में हमेशा आगे रहे।