हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में पहले चरण के पंचायत चुनाव खत्म हो गए हैं। सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मतदान के लिए तीन बजे तक का समय तय था। हालांकि, तीन पंचायतों में शाम पौने पांच बजे तक मतदान चलता रहा। इन पंचायतों में आखिरी समय में लोग मतदान केंद्रों में बड़ी संख्या में पहुंचे और तीन बजे तक लंबी कतारें मतदान केंद्र के बाहर लग गईं।
जिन तीन पंचायतों में देर तक मतदान हुआ उनमें बड़ग्रां, पूलन और संचूई पंचायत शामिल रहीं। इनमें से पूलन पंचायत के तीन नंबर पोलिंग बूथ पूलन में मतदान में देरी हुई। ये पंचायतें काफी महत्वपूर्ण हैं। इनमें से संचूई भरमौर मुख्यालय से बिल्कुल सटी पंचायत है जबकि बड़ग्रां और पूलन मुख्यालय से दूर हैं लेकिन सड़क से जुड़ी पंचायतें हैं।
एसडीएम भरमौर जितेंद्र कंवर का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों में हिदायत दी गई थी कि तीन बजे तक जो भी लोग मतदान केंद्र में पहुंचे उन्हें मतदान करने से न रोका जाए। तीनों पंचायतों में आखिरी समय में जो भी लोग मतदान केंद्र तक पहुंचे हैं, उन्हें ही मतदान करने की इजाजत दी गई है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों के परिणाम उपमंडल मुख्यालय में एकत्र किए जा रहे हैं।
मतदान के साथ ही बिगड़ गया मौसम
वहीं, जनजातीय क्षेत्र भरमौर, होली समेत अन्य इलाकों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होते ही तेज बारिश भी शुरू हो गई। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। सुबह से ही भरमौर में बादल छाए हुए थे। जैसे ही शाम करीब पांच बजे भरमौर में मतगणना का दौर शुरू हुआ तेज बारिश भी शुरू हो गई। ऊपरी पहाड़ियों में चौबिया पास, इंद्रहार पास, काली छो पास, दराटी जोत, सिया जोत में हिमपात हुआ है।
उधर, प्रशासन ने मतगणना खत्म करने के बाद चुनाव प्रभारियों को जल्द से जल्द निचले इलाकों में पहुंचने की हिदायत भी जारी कर दी है। जबकि पुलिस को भी मौसम के मद्देनजर अलर्ट पर रखा गया है। एसडीएम जितेंद्र कंवर ने बताया कि भरमौर में बारिश हो रही है लेकिन अभी तक सबकुछ सामान्य है। यदि जरूरत हुई तो जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
जिन इलाकों से चुनाव ड्यूटी पर गए कर्मचारी भरमौर मुख्यालय पहुंच सकते हैं उन्हें आज ही मुख्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थान पर रूकने और शुक्रवार सुबह भरमौर पहुंचने की सलाह दी गई है।