वहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने सोमवार को सदन में जानकारी दी कि प्रदेश में कोरोना वायरस के 57 संदिग्ध मरीजों के टेस्ट किए गए हैं। इनमें 55 निगेटिव पाए गए हैं, जबकि दो पॉजिटिव पाए गए हैं। 1237 ट्रेवल हिस्ट्री वाले लोग थे। इनको आईसोलेट किया गया। 426 लोगों ने 28 दिन पूरे किए। सीएम ने केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करने के लिए सभी दलों का भी धन्यवाद किया। विदेश में कुछ लोग फंसे हैं, ऐसे लोगों को लाया जा रहा है। इस बारे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का सहयोग लिया जा रहा है।
विधायकों से अपील, अपने-अपने क्षेत्रों में शादियों की धाम रोकें
मुख्यमंत्री ने विधायकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शादियों की धाम रोेकें। धाम बाद में भी हो सकती है। नवरात्रों के दौरान कई शादियों के मुहूर्त भी हैं। ऐसे में शादियां तो नहीं रोकी जा सकती हैं, मगर धाम स्थगित की जा सकती हैं। उन्होंने विधायकों को अपने क्षेत्रों में नजर रखने के निर्देश दिए।
मनमानी करने वालों पर सख्ती, टेस्ट की संख्या बढ़ाएंगे
सीएम बोले, मनमानी करने वालों पर सख्ती की जा रही है। आईजीएमसी शिमला और टांडा कॉलेज में 80 से 90 टेस्ट हो सकते हैं। जोनल अस्पताल मंडी और सीआरआई कसौली में भी कोरोना टेस्ट की सुविधा शुरू करने का सरकार से आग्रह किया जा रहा है।
कोरोना के प्रकोप को कम करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जयराम सरकार ने मंगलवार से तीन दिन यानी 26 मार्च तक प्रदेश के सरकारी कार्यालय बंद रखने का एलान किया है। इस दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवा वाले कार्यालय और कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगे। यह भी निर्देश हैं कि कर्मचारी अपना स्टेशन न छोड़ें।
जरूरत पर बुलाए जाएंगे कर्मचारी, छुट्टी के दौरान नहीं कटेगा वेतन
सरकार ने सभी नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जरूरत के अनुसार रोटेशन पर कर्मचारियाें को दफ्तर बुलाएं। रोटेशन के दौरान छुट्टी पर रहने वाले कर्मियों का वेतन नहीं काटा जाएगा। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने एक आदेश जारी कर दिया है। सरकार के इस आदेश के बाद दो लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों के अलावा करीब पांच लाख दैनिक भोगी, पार्टटाइम, अनुबंध और आउटसोर्स कर्मियों को लाभ मिलेगा। ब्यूरो
घरों में ही रहेंगे 9 मार्च के बाद विदेश से आए लोग
आदेश के अनुसार नौ मार्च या उसके बाद विदेश से आए सभी लोगों को सख्ती के साथ घरों में ही रहने को कहा है। ऐसे लोगों को जिला सर्विलांस अफसर या 104 पर कॉल कर अपने आने की सूचना दर्ज करानी होगी। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई होगी।
कोरोना प्रभावित देशों से हिमाचल लौटने वाले लोगों की संख्या में दिन-प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। प्रदेश में अभी तक 1491 लोग हिमाचल लौटे हैं। इनमें 800 लोगों को निगरानी पर रखा है, जबकि 474 लोग, जिन्होंने 28 दिन निगरानी का समय पूरा कर लिया है, उन्हें परिवार के लोगों से मिलने की अनुमति दे दी है।
197 लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि महामारी को लेकर हिमाचल में अलर्ट किया गया है। बाहरी राज्य के लोगों को हिमाचल में एंट्री नहीं कराई जा रही है। हिमाचल के प्रवेश द्वार सील किए गए हैं। लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है।