एसपीएम ग्राउंड इंजन घर में भी पटाखे बेचने के लिए चिह्नित
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दिवाली पर पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिमला नगर निगम क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए 14 स्थान निर्धारित किए हैं। इन स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर पटाखों की बिक्री नहीं होगी।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश 4 से 9 नवंबर तक प्रभावी रहेंगे। इनमें आइस स्केटिंग रिंक, पुराना एसपीएम ग्राउंड इंजन घर संजौली, बालूगंज में गोपाल मंदिर के सामने का मैदान, समरहिल का मैदान, खलीनी बाईपास पर त्रिलोक चंद शॉप के पास, छोटा शिमला से कसुम्पटी की ओर खुला स्थान, जीएसएसएस फागली के पास खुला मैदान पटाखे बेचने के लिए चिह्नित किया है।
विज्ञापन
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय निगम विहार के पास का स्थान, पंचायत ग्राउंड भट्ठाकुफर, बस स्टैंड सेक्टर-6 कंगनाधार, विकासनगर पुलिस चौकी के पास, रानी ग्राउंड कसुम्पटी, न्यू पार्किंग टुटू और संकटमोचन मंदिर की कार पार्किंग की ऊपरी मंजिल में भी पटाखे बेच सकेंगे। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को इन स्थानों पर निशानदेही कर स्टॉल स्थापित करवाने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पानी और रेत से भरे बैग उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग भी सभी निर्धारित स्थलों पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम करेगा। जिला दंडाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित बिक्री स्थलों पर खड़े सभी वाहनों को हटाया जाए, ताकि पटाखों की बिक्री के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो। इन आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करवाने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक शिमला को सौंपी गई है।