आईजीएमसी के मेडिकल कॉलेज हिस्टोपैथोलॉजी लैब में दोपहर 12:30 बजे अचानक आग भड़क गई। आग लगने से लैब के अंदर रखे कागज, मशीनें तथा दस्तावेज जलकर राख हो गए। इसके अलावा अन्य जरूरी उपकरण भी खराब हो गए। वहीं आग की घटना के बाद लैब में काम कर रहे तकनीशियन और स्टूडेंट्स ने भागकर जान बचाई। दोपहर बाद घटी इस आगजनी की घटना से पूरे मेडिकल कॉलेज में अफरातफरी का माहौल रहा।
मेडिकल कॉलेज की इस लैब में रोजाना सैकड़ों मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं । लेकिन बुधवार दोपहर 12:30 बजे के करीब मेडिकल कॉलेज के कमरा नंबर 406 में अलमारी गिर गई। इस कारण लैब में रखे केमिकल पदार्थ सेल्फ पर रखे ब्लोर के संपर्क में आ गए। इस कारण केमिकल ने आग पकड़ ली। अचानक आग भड़कने से लैब में काम कर रहे करीब 10 लोग मौके से बाहर भाग गए।
इस कारण कोई झुलसा नहीं। अस्पताल से करीब 12 बजकर 40 मिनट में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल किया। मालरोड से अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई थी लेकिन इस बीच लैब में रखा सारा सामान जल चुका था।
आग लगने की घटना के बाद मौके पर प्रबंधन भी पहुंचा। इस दौरान लैब से पूरे मेडिकल कॉलेज में धुआं फैल रहा था। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी जेसी शर्मा ने बताया कि आग लगने की घटना जैसे ही मिली टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। यह घटना शॉर्टसर्किट से हुई है। बताया कि जैसे ही अलमारी नीचे गिरी इस अलमारी में रखी जैली और एल्कोहल तथा अन्य केमिकल ने आग का रूप धारण कर लिया।
नुकसान का नहीं हुआ आकलन : जनक
आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी विभाग में आग लगी थी। मौके पर सुरक्षाकर्मी और दमकल विभाग को भेजा था। लैब में केमिकल पदार्थ हिटिंग अलाइनमेंट के संपर्क में आया गया था जिस कारण आग लगी। आग को बुझा लिया है। घटना में कितना नुकसान हुआ है इसका अभी आकलन नहीं हुआ है।