शिमला के कुमारसैन की मलैंडी पंचायत के घेती गांव में भीषण अग्निकांड में 33 कमरों का मकान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाते समय परिवार का एक सदस्य भी झुलस गया है। इसे गंभीर हालत में आईजीएमसी में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर लीक होने के बाद जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क गई। हादसे के बाद चार परिवारों के सिर से छत छीन गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को फौरी राहत प्रदान की गई है। पंचायत की ओर से भी दो-दो हजार रुपये इन परिवारों को दिए गए हैं।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौकास्थल का दौरा किया है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे ध्यान सिंह, दुर्गा सिंह, पदम सिंह और प्रभा देवी के मकान में अचानक आग भड़क गई।
हादसे के वक्त सभी घर के अंदर थे। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्यों को अंदर से कुछ सामान उठाने का मौका नहीं मिला, सभी सदस्य मकान से बाहर आ गए। आग का पता चलते ही इधर-उधर के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
इसी दौरान परिवार का एक सदस्य जिया लाल आग पर काबू पाते समय आग की लपटों में घिर गया और बुरी तरह से झुलस गया। मकान लकड़ी का होने का कारण आग बहुत तेजी से भड़की और कुछ ही देर में सब कुछ राख हो गया। ग्रामीणों ने पावर स्प्रे की मदद से आग को दूसरे घरों में जाने से रोका।
इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना में पूरा मकान आग की भेंट चढ़ गया। हादसे में प्रभावित ध्यान सिंह, दुर्गा सिंह, पदम सिंह को दस-दस हजार और प्रभा देवी को पांच हजार की फौरी राहत राशि प्रशासन की ओर से जारी की गई है।
सिलेंडर से हुआ हादसा : नेगी
पुलिस थाना प्रभारी कुमारसैन विरोचन नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण गैस सिलेंडर का लीक होना पाया गया है। तहसीलदार कुमारसैन डीआर कौशल ने बताया कि प्रभावित तीन परिवारों को दस-दस हजार और एक परिवार को पांच हजार की फौरी राहत जारी की गई है।