श्री रेणुकाजी तीर्थ के परिक्रमा मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक सहस्त्रधारा स्थल के समीप बुधवार देर शाम अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आने से मां रेणुकाजी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि आग से मां की प्रतिमा काली पड़ गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जिस समय ये घटना घटी, इसी बीच परिक्रमा मार्ग से घूम कर लौट रहे बडोन निवासी इंद्र प्रकाश गोयल ने सहस्त्रधारा के पानी से आग को बुझाने के साथ काली पड़ी मां की प्रतिमा को साफ करने का प्रयास किया। उन्होंने जले हुए अवशेष वहां से हटा दिए, लेकिन मूर्ति की दशा बिगड़ गई है।
उल्लेखनीय है कि सहस्त्रधारा में भगवान परशुराम को दूध पिलाती मां रेणुका की आकर्षक व भव्य प्रतिमा स्थापित है, जहां श्रद्धालु नतमस्तक होकर पुत्र प्राप्ति की कामना करते हैं। ये काफी पवित्र स्थान है। बुधवार देर शाम को वहां अचानक आग लग गई, जिससे वहां होकर गुजर रहे लोग भी भयभीत हो उठे। आग लगने से मां के दरबार में लगी सारी चुनियां जलकर मूर्ति मे चिपक गई हैं। इससे मूर्ति की सूरत भी बिगड़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना को नवरात्र में अपशगुन बता रहे हैं। रेणुकाजी विकास बोर्ड के अधिकारी से संपर्क नहीं हो पाया।