हिमाचल के चंबा जिले के शिक्षा खंड सुंड़ला की राजकीय प्राथमिक पाठशाला जलोह में मंगलवार दोपहर को रसोई गैस सिलिंडर लीक हो गया और इसमें आग लग गई। सिलिंडर में लगी आग से रसोई घर समेत इसमें रखा सारा सामान भी जल गया।
गनीमत रही कि सिलिंडर में गैस खत्म हो गई, नहीं तो यह फट सकता था। हादसे के समय स्कूल में 14 विद्यार्थियों के अलावा शिक्षक भी मौजूद थे। आग की घटना में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सिलिंडर फटता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मंगलवार दोपहर स्कूल में तैनात मिड डे मील वर्कर खाना बना रहा था। वह पानी भरने के लिए बाहर चला गया। जबकि, सहायक रसोई घर में ही मौजूद था। इसी बीच सिलिंडर लीक हो गया और कुछ ही देर में इसमें आग लग गई।
सहायक ने शोर मचाया। शिक्षक मौके पर पहुंचे तो सिलिंडर की आग ने रसोई घर को भी चपेट में ले लिया था। शिक्षकों ने सबसे पहले बच्चों को स्कूल से दूर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। रसोई घर और इसमें रखे सामान को जलने से नहीं बचाया सका।
सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना किया। इधर, जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। उप-जिला शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार ने बताया कि इस बारे में जानकारी मिली है। स्कूल प्रबंधन से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है।