नगर निगम अब कल से पुलिस बल के साथ करेगा कार्रवाई, जब्त किया जाएगा सामान
विज्ञापन
निगम प्रशासन का तर्क, हाईकोर्ट के हैं आदेश तहबाजारियों को तीन बार जारी हो चुके हैं नोटिस अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के लोअर और मिडिल बाजार में बैठ रहे तहबाजारियों को नगर निगम ने अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। सोमवार सुबह तक यदि तहबाजारियों ने अपना सामान शिफ्ट नहीं किया तो नगर निगम पुलिस बल के साथ जबरन इनका सामान हटा देगा।
नगर निगम ने आजीविका भवन में इन तहबाजारियों के लिए जगह उपलब्ध करवाई है। निगम प्रशासन के अनुसार हाईकोर्ट के आदेशानुसार यह कार्रवाई की जा रही है। शहर के लोअर बाजार और मिडिल बाजार को नो वेंडिंग जोन घोषित किया है। यहां तहबाजारी अपनी दुकानें नहीं सजा सकते। इस बारे में तहबाजारियों को तीन बार नोटिस जारी कर आजीविका भवन शिफ्ट होने के निर्देश दिए जा चुके हैं लेकिन अभी तक एक भी तहबाजारी ने सामान शिफ्ट नहीं किया है। तहबाजारी अभी भी बाजार की सड़क, दुकानों के आगे, सीढ़ियों पर अपना सामान सजा रहे हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही दमकल, एंबुलेंस समेत आपातकालीन वाहन भी बाजार में फंस रहे हैं। निगम टीम के साथ दमकल विभाग ने शनिवार को भी बाजार में मॉकडि्रल की। इस दौरान भी दमकल की गाड़ी कई जगह सड़क पर सजी दुकानों में फंस गई। इस दौरान निगम टीम ने सभी तहबाजारियों का भी सोमवार सुबह तक बाजार से हटने के निर्देश दे दिए हैं।
दुकानदारों पर भी कार्रवाई की तैयारी नगर निगम के अनुसार बाजार में जो दुकानदार अब सड़क पर सामान सजाएगा, उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगम ने जुर्माना राशि भी तय की है। तहबाजारी हटने के बाद दुकानदारों पर भी अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि सोमवार से बुधवार तक शहर के लोअर बाजार और मिडिल बाजार से तहबाजारी हटाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस बल की मदद ली जा रही है।