रिपोर्ट कार्ड के गुम होने को लेकर हुई बहस के बाद सरकारी स्कूल के दो टीचर छात्रों के सामने ही भिड़ गए। दोनों के बीच की हाथापाई सड़क तक जा पहुंची। यहां से गुजर रहे लोगों ने इस पूरे ड्रामे को मोबाइल में भी कैद कर लिया। मामला हिमाचल के हमीरपुर का है। यहां सीनियर सेकेंडरी स्कूल गलोड़ में दो प्रवक्ता बच्चों के सामने ही भिड़ गए।
रिपोर्ट कार्ड को लेकर शुरू हुई कहासुनी हाथापाई तक पहुंच गई। बीते मंगलवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने दोनों प्रवक्ताओं की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। स्कूल में हर माह छात्रों का हाउस टेस्ट होता है। बीते माह के हाउस टेस्ट का रिपोर्ट कार्ड गुम हो गया है। एक प्रवक्ता ने बच्चों का गलत रिपोर्ट कार्ड अभिभावकों को भेज दिया।
स्टाफ के कर्मचारियों ने किया बीच बचाव
इसी बात पर दूसरे प्रवक्ता ने संबंधित प्रवक्ता से पूछताछ की। बीते मंगलवार को दोनों के बीच इसी बात पर कहासुनी हुई थी। बुधवार को बात हाथापाई तक जा पहुंची। स्कूल स्टाफ के सदस्यों ने उन्हें छुड़वाया तो दोनों प्रवक्ता स्कूल परिसर से बाहर आ गए।
यहां भी दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों को मारपीट करता देख स्थानीय लोगों ने उनका वीडियो भी बनाया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया। दोनों का मेडिकल करवाया गया है। हालांकि, प्रधानाचार्य अवकाश पर थे। उन्होंने छुट्टी पर होने का हवाला देकर इस बात से पल्ला झाड़ लिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
वहीं, सुबह सवेरे स्कूली बच्चों के सामने हुई मारपीट की इस घटना को लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। स्कूल में हुई इस घटना की स्थानीय लोगों ने भी निंदा की है। उधर, उप शिक्षा निदेशक हमीरपुर सोमदत्त सांख्यान का कहना है कि मामला मेरे ध्यान में नहीं आया है।
अगर ऐसा हुआ है तो निंदनीय है। मामले की जांच की जाएगी। उधर, गलोड़ चौकी इंचार्ज चुन्नी लाल का कहना है कि पुलिस ने दोनों प्रवक्ताओं की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।