हिमाचल प्रदेश में खाद की कमी जल्द दूर होगी। सोमवार को यूरिया खाद और 12-32-16 खाद की खेप 24 सितंबर तक इफ्को के गोदामों में पहुंच जाएगी। यूरिया खाद चंडीगढ़ और होशियारपुर पहुंच चुकी है। 20 सितंबर तक प्रदेश के लिए 12-32-16 खाद के लिए मांग भेजी जाएगी। इस समय किसान आलू और अन्य सब्जियों की खेती के लिए खाद की मांग कर रहे हैं। 80 प्रतिशत किसानों की 12-32-16 खाद की जरूरत पूरी हो चुकी है। केवल 20 प्रतिशत किसान ऐसे हैं, जिन्होंने फसल लगाने से पहले 12-32-16 खाद का छिड़काव करना है।
दूसरी ओर, यूरिया खाद की आवश्यकता इस समय लगभग हर किसान को है। फसल की बिजाई के बाद यूरिया का छिड़काव करना बेहद जरूरी माना जाता है। चंडीगढ़ में 1321.92 मीट्रिक टन यूरिया खाद की खेप पहुंच चुकी है। इसे चंडीगढ़ के साथ सटे प्रदेश के हिस्सों में सोमवार से वितरित किया जाएगा। होशियारपुर में भी 1312.87 मीट्रिक टन खाद की खेप पहुंच गई है। इसे ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर जैसे जिलों में जरूरत के हिसाब से आवंटित किया जाएगा।इस समय खाद की उपलब्धता न होने के कारण आलू और अन्य सब्जियों की बिजाई रुक गई है। कई किसानों ने पहले ही आवश्यकता के अनुसार खाद खरीद ली थी। उन्हें कोई परेशानी पेश नहीं आ रही।
प्रदेश में जल्द खाद की सप्लाई भेजी जाएगी। अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को यूरिया खाद गोदामों तक पहुंच जाएगी। 12-32-16 के लिए एक सप्ताह तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
- भुवनेश पठानिया, विपणन प्रबंधक, इफ्को हिमाचल प्रदेश