विश्वविद्यालय ने विधि विभाग द्वारा 16 मार्च को फ्रीडम ऑफ स्पीच एंड एक्सप्रेशन पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सेमीनार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। सेमीनार में आने वाले बाहरी प्रदेशों के प्रतिभागियों को भी सूचित कर दिया है।
भंगरोटू मेला भी रद्द
कोरोना के खौफ का तर्क देकर नेरचौक उपमंडल प्रशासन ने 14 से 17 मार्च तक मनाए जाने वाले जिला स्तरीय भंगरोटू मेला आयोजन से ठीक एक दिन पहले रद्द कर दिया है। प्रशासन ने इसकी सूचना जारी कर दी है।
कोरोना वायरस से बचाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान पड्डल में सजे मेले को रातोंरात खाली करने के आदेश प्रशासन ने जारी किए हैं। वायरस को लेकर हिमाचल में जारी एडवाइजरी के बाद पड्डल मैदान में सजा मेला शनिवार को पूरी तरह से बंद रहेगा। पड्डल के सभी गेट आम जनता के लिए बंद रहेंगे।
उधर, सुंदरनगर में 22-28 मार्च तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला और 29 मार्च से दो अप्रैल तक मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय देवता मेला आयोजन पर भी संकट के बादल छा गए हैं। उधर, नेरचौक उपमंडल प्रशासन ने 14 से 17 मार्च तक मनाए जाने वाले जिला स्तरीय भंगरोटू मेला आयोजन से ठीक एक दिन पहले रद्द कर दिया गया है।
कोरोना वायरस के चलते कांगड़ा जिले में कई सरकारी और गैर सरकारी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द और स्थगित कर दिए हैं। भाषा एवं संस्कृति विभाग का पहाड़ी सप्ताह तीसरे दिन वीरवार को रद्द किया गया। आईटीआई शाहपुर में 16 मार्च को होने वाले कैंपस इंटरव्यू को स्थगित कर दिया है। उधर, शाहपुर उपमंडल के चंबी मैदान में इसी महीने प्रस्तावित कुमार स्वामी का दो दिवसीय संत समागम भी स्थगित कर दिया है।
कुमार स्वामी का 581वां महा समागम 21 और 22 मार्च को चंबी मैदान में होना था। नूरपुर में 23 मार्च को शहीदी दिवस पर लगाया जाने वाले महा रक्तदान शिविर भी टाल दिया गया है। उधर, उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार काम किया जा रहा है। बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया जा रहा है।