हिमाचल प्रदेश के किसानों को इस बार लहसुन का बीज पिछले वर्ष के तुलना में 37 रुपये सस्ते दाम पर मिलेगा। विभाग ने डिमांड कृषि निदेशालय को भेज दी है। विभाग कुल्लू से 137 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बीज की खरीद कर रहा है। जिसे किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान में 68.05 रुपये में वितरित किया जाएगा। पिछले वर्ष 210 में विभाग ने बीज की खरीद की थी। जिसे किसानों को 105 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से वितरित किया गया था। सितंबर से नवंबर माह तक बिजाई कार्य किया जाता है। यह समय लहसुन की बिजाई के लिए अच्छा रहता है। पिछले वर्ष कोविड के बढ़ते संक्रमण के साथ बाहरी राज्यों में लहसुन की अधिक मांग भी रही है।
जिससे बीज के दाम भी बढ़े थे। सोलन, सिरमौर, कुल्लू, सहित अन्य जिलों में सितंबर से नवंबर माह के बीच तक लहसुन की बिजाई का कार्य किया जाता है। सोलन, सिरमौर का लहसुन सोलन मंडी से देश सहित विदेश को भी सप्लाई किया जाता है। इस बार भी किसानों को लहसुन के अच्छे दाम मिले हैं। जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. डीपी गौतम ने बताया कि किसानों को विभाग की ओर से बीज अनुदान पर दिया जाता है। इस बार भी किसानों को बीज का वितरण किया जाएगा। इस बार मौसम की मार झेल रहे किसानों को बीज में राहत दी गई है।