हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के किसान और बागवानों में धीरे-धीरे कागजी नींबू का ओर रुझान बढ़ रहा है। इस बरसात में अभी तक उद्यान विभाग की सरकारी नर्सरियों से 13,173 कागजी नींबू के पौधे बिक चुके हैं। इसके अलावा कलमी नींबू के 400 और नींबू की अन्य किस्मों के 575 पौधे बिके हैं। वहीं गलगल के 1886 पौधे किसानों ने खरीदे हैं। जिलेभर में दूसरे नंबर पर फलों के राजा आम की विभिन्न किस्मों के पौधे सरकारी नर्सरियों में 11,801 और निजी नर्सरियों में 1195 बिके हैं। इसमें सबसे अधिक मांग दशहरी आम की रही है।
जिला कांगड़ा की चार सरकारी नर्सरियों में 81,520 फलदार पौधे उपलब्ध हैं। इसके अलावा किसान ब्लॉक में अधिकारियों पर पास अधिक पौधों की डिमांड भी कर सकते हैं। अभी तक जिले भर में 55,311 विभिन्न फलदार पौधे किसानों ने खरीद लिए हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है, इसलिए किसान फलदार पौधे लगाएं। इससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी और हरियाली भी बढ़ेगी। - कमलशील नेगी, उपनिदेशक, उद्यान विभाग कांगड़ा