कारोबारी एलडी शर्मा ने खरीदा 0001 नंबर
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के रहने वाले गुड़गांव के कारोबारी एलडी शर्मा ने अपनी 80 लाख की कार के लिए 8 लाख रुपये में HP-63F 0001 नंबर ई-ऑक्शन में खरीदा है। एलडी शर्मा डिजिटल मार्केटिंग कंपनी चलाते हैं। इन्हें अपनी गाड़ियों के लिए फैंसी नंबर लेने का शौक है। एलडी शर्मा के पास उनकी गाड़ियों में 8888, 2222, 0077, 7000 नंबर पहले से मौजूद हैं। अब तक इनके पास 0001 नंबर नहीं था, यह नंबर कहीं मिल भी नहीं रहा था।
हिमाचल सरकार के परिवहन विभाग ने इस नंबर को ई-ऑक्शन के लिए जारी किया तो उन्हें अपनी नई कार के लिए ड्रीम नंबर लेने का मौका मिल गया। मूल रूप से सिरमौर ददाहू के रहने वाले एलडी शर्मा सेना में 6 साल सेवाएं दे चुके हैं। एमबीए करने के बाद यूके चले गए। वहां जिस कंपनी में नौकरी की उसी कंपनी को भारत लेकर आए। शर्मा समाज सेवा में भी हमेशा आगे रहते हैं। अपने गांव के गरीब बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठा रहे हैं। कई बच्चे निजी विश्वविद्यालयों से प्रोफेशनल कोर्स कर रहे हैं। गांव के कई युवाओं को अपनी कंपनी में भी नौकरी दी है।