सुंदरनगर के भरजवाणु में संयुक्त विभागीय टीम ने दबिश देकर 110 टीन नकली शहद बरामद किया है। गिरोह के सदस्य यूपी और बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
एफएसओ मंडी एलडी ठाकुर ने नकली शहद के पांच और शहद बनाने के लिए उपयोग में लाए जाने वाले केमिकल का एक सैंपल भरा है। जिसे जांच के लिए कंडाघाट लैब भेजा गया है, गिरोह के कुछ सदस्य फरार हैं।
एक को पूछताछ के लिए शनिवार को सुंदरनगर थाना में तलब किया है। प्रारंभिक जांच के बाद नकली शहद की खेप को एफएसओ मंडी ने सील कर दिया है। लैब रिपोर्ट में सैंपल फेल होने पर मामला कोर्ट भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के एसडीएम एचएस राणा, एफएसओ मंडी एलडी ठाकुर ने पुलिस के साथ शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर सुंदरनगर के भरजवाणु स्थित भट्ठी में दबिश दी। इस दौरान टीम ने 110 टीन नकली शहद पकड़ा।
दबिश की भनक लगते हुए गिरोह के कुछ सदस्य भागने में कामयाब हो गए। हालांकि गिरोह का एक सदस्य टीम के हाथ लगा है। जिसे शनिवार को पुलिस थाना सुंदरनगर में तलब किया है। इस दौरान नकली शहद के बारे में उससे एफएसओ मंडी ने पूछताछ की है।