सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए तब्लीगी जमात से जुड़े हुए लोगों की ओर से पिछले दिनों की गई यात्रा और उनके संपर्क में आने वाले लोगों को ढूंढने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के 15 एक्टिव मामलों में से 13 तब्लीगी जमात से जुड़े और उनके संपर्क में आए लोगों के हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर नजर रखने के लिए वह स्वयं प्रतिदिन जिला उपायुक्तों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों पर खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आवश्यक सामग्री के परिवहन में लगे वाहनों को सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और अन्य अग्रणी पंक्ति के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाई जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। राज्य भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में इस महामारी को समय पर रोकने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों और निर्णयों की सराहना की। राज्य भाजपा संगठन सचिव पवन राणा ने भी इस अवसर पर अपने सुझाव दिए।