रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक
- फोटो : ANI
आरट्रैक को शिमला से मेरठ शिफ्ट करने के रक्षा राज्य मंत्री के इंकार का भूतपूर्व सैनिकों के संगठन वेटर्न इंडिया ने स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय सचिव और हिमाचल इकाई के प्रभारी सेवानिवृत्त कर्नल मनीष धीमान की अध्यक्षता में देहरा में एक बैठक हुई। उन्होंने आरट्रैक को शिमला से मेरठ शिफ्ट नहीं करने के फैसले का स्वागत किया।
राज्य सभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा के सवाल पर रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने 15 जुलाई को जवाब दिया है कि आरट्रैक को शिमला से मेरठ के लिए शिफ्ट करने का कोई विचार नहीं है। इसी पर धीमान ने कहा कि आरट्रैक को शिमला से शिफ्ट न होने देने के लिए सैनिकों की चलाई गई मुहिम कामयाब हुई है।
आरट्रैक को शिमला से मेरठ शिफ्ट करने के विरोध में वेटर्न इंडिया ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक ज्ञापन सौंपा था और वेटर्न इंडिया की हिमाचल इकाई ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी ज्ञापन देकर आरट्रैक को शिमला से मेरठ शिफ्ट न करने की गुहार लगाई थी।
उन्होंने सेना ट्रेनिंग कमांड आरट्रैक को शिमला से शिफ्ट न करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक, सीएम जयराम ठाकुर, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर जयगोपाल सिंह, सर्वजीत सिंह, सुनील कुमार, इंद्रजीत सिंह, गोपाल सिंह, बिक्रम सिंह आदि पूर्व सैनिक और अधिकारी उपस्थित रहे।