फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व सैनिक बोले, पाक पर कार्रवाई नहीं की तो उड़ी तक निकालेंगे तिरंगा यात्रा

Wed, 21 Sep 2016 09:33 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बरठीं (बिलासपुर)
विज्ञापन
विज्ञापन
उड़ी हमले में सेना के जवानों के शहीद होने से दुखी पूर्व सैनिकों ने पाक पर कार्रवाई की मांग की है। कुल 2400 सदस्यों वाली हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने बैठक कर फैसला लिया कि आतंकी हमले के लिए जिम्मेदार पाकिस्तान पर कार्रवाई न की तो पूर्व सैनिक उड़ी तक तिरंगा यात्रा निकालेंगे।
विज्ञापन


समिति के प्रदेश अध्यक्ष सूबेदार प्रकाश चंद ने कहा कि लाचारी की बातें कर दुश्मन आतंक का नंगा नाच कर रहे हैं। भारत सरकार को इस हमले के बाद पाक को करारा जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पड़ोसी मित्रता करना नहीं चाहता हो तो उसका सफाया किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि पाकिस्तान हमारे सब्र को देखते हुए गीदड़भभकी देता आ रहा है और चोरी-छिपे भारत पर हमला कर जवानों को मार रहा है। भारत सरकार तमाशा देख रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पूर्व सैनिक कल्याण समिति के नेतृत्व में पूर्व सैनिक तिरंगा यात्रा निकालकर उड़ी जाएंगे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि सेना को आतंकियों को कुचलने के लिए खुली छूट होनी चाहिए, तभी सेना के हौसले बुलंद होंगे। बैठक में नरेंद्र सिंह, भाग सिंह, बालक राम, योगिंद्र जम्वाल, अमरनाथ धीमान, जोगेंद्र सेन, धनीराम, संजय चौधरी, बाबूराम, निक्काराम सहित लगभग चार दर्जन पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
Trending Videos

आतंकी हमले से सदमे में कमलकांत का परिवार

डोगरा रेजिमेंट का जवान कमलकांत - फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर के उड़ी में आतंकी हमले में घायल डोगरा रेजिमेंट के जवान कमलकांत का परिवार सदमे में हैं। आतंकी हमले की सूचना मिलते ही परिवार चिंतित हो उठा था। सोमवार शाम को कमलकांत की परिवार वालों से बात हुई है। इससे सभी ने राहत की सांस ली है। वह अर्की उपमंडल के मांझू गांव निवासी हैं।

कमलकांत के पिता रमेश ने बताया कि उनकी बेटे से बात हुई है। वह अब ठीक है। पेशे से किसान कमलकांत के पिता मांझू गांव में रहकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। तीन वर्ष पूर्व बेटे कमलकांत को सेना में भेजा था। कहा कि आतंकियों को तो सजा मिल गई है, लेकिन ऐसी साजिश रचने वालों को भी नहीं बख्शा जाना चाहिए।

मार्च में छुट्टी काट कर गए कमलकांत की माता-पिता तथा बहन से अकसर बातचीत होती है। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। कमलकांत के ताया का दस दिन पूर्व ही निधन हुआ है। पूरा परिवार पहले से ही सदमे में है कि ऊपर से कमलकांत के घायल होने की जानकारी से परिजन सहमे हुए हैं । कमलकांत से बातचीत के बाद परिवार वालों को कुछ राहत मिली है। कमलकांत की माता पहले से ही बीमार हैं।

इन्हें अभी तक बेटे के घायल होने की सूचना नहीं दी गई है। उधर, पंचायत प्रधान योगेश चौहान ने घायल जवान के परिवार वालों से मिलकर उन्हें हौसला दिया तथा कमल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। ग्रामीण एवं परिजन कमलकांत के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। विधायक गोविंद राम शर्मा, एसडीएम अर्की एलआर वर्मा, संजय अवस्थी, संजय ठाकुर ने कमलकांत के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

कुशलक्षेम पूछने घायल मंजीत के घर पहुंचे डीसी

उपायुक्त विकास लाबरू ने मंगलवार को भद्रकाली गांव के घायल हुए हवलदार मंजीत सिंह के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की।
जम्मू-एवं कश्मीर के उड़ी आर्मी बेस में हुए आतंकी हमले में ऊना जिला का एक जवान भी घायल हुआ है। उपायुक्त विकास लाबरू ने मंगलवार को भद्रकाली गांव के घायल हुए हवलदार मंजीत सिंह के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने मंजीत की पत्नी अंजना कुमारी सहित परिवार के सदस्यों को हौसला दिया। उनके साथ एसडीएम अंब सुनील वर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता कुमारी, उपप्रधान विजय विजू सहित अन्य लोग उपस्थित थे। डीसी विकास लाबरू ने कहा कि जिला प्रशासन मुश्किल समय में परिवार के साथ है।

उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। बताया कि उन्होंने खुद हवलदार मंजीत सिंह से बात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नही है। जिला प्रशासन परिवार की मदद को तैयार है। मंजीत सिंह 1997 में फौज में भर्ती हुए थे।

पिछले तीन वर्षों से आर्मी में उड़ी सेक्टर में तैनात थे। उनके पिता फतेह सिंह भी कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मंजीत की एक बेटी और एक बेटा हैं। ये नौवीं और चौथी कक्षा में पढ़ते हैं। उधर, पत्नी अंजना कुमारी ने बताया कि उनके पति को गोली लगी है। वे उपचाराधीन हैं।

उनकी पति से बात हुई है। वह हर पल उनके शीघ्र सकुशल होने की प्रार्थना कर रही हैं। उधर, गगरेट से भाजपा नेता सुशील कालिया ने भी मंजीत सिंह की पत्नी अंजना कुमारी एवं पिता कैप्टन फतेह सिंह के घर जाकर मंजीत सिंह का कुशलक्षेम पूछा।

साथ ही कहा कि पाकिस्तान ने कायराना हमला जो हमारे सैनिकों पर किया है। उसके गंभीर परिणाम पाकिस्तान को भुगतने पड़ेंगे। उनके साथ जिला भाजपा महासचिव विजय चौधरी, सर्वजीत सिंह और मोहेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
विज्ञापन

पाक के खिलाफ कार्रवाई चाहती है जनता : विहिप

विश्व हिंदू परिषद ने जम्मू-कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में पाकिस्तान समर्थन हमले की निंदा की है। परिषद के अध्यक्ष अमनपुर ने कहा कि इस समय देश सरकार से पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा रखता है।

केंद्र सरकार को चाहिए कि वह पाकिस्तान को इसका शीघ्र जवाब दे। कहा कि पाकिस्तान समर्थित इस प्रकार की घटनाओं का बार-बार दोहराया जाना आतंकवाद की आड़ में युद्ध को दर्शाता है।

विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि देश के खिलाफ इस प्रकार के परोक्ष युद्ध से सभी राजनीतिक दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है। परिषद ने उड़ी हमले में शहीद परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें