पिछले साल अवार्ड हो चुके हैं इनके टेंडर अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के कई वार्डाें में इसी हफ्ते से सड़कों की टारिंग शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस महीने राष्ट्रपति के शिमला दौरे से पहले इन वार्डों में टारिंग का काम पूरा करने की तैयारी है। इसके अलावा राष्ट्रपति के रूट वाली सड़कों को भी चकाचक किया जाएगा।
निगम प्रशासन के अनुसार पिछले साल इन वार्डाें में सड़कों की टारिंग होनी थी। लेकिन बरसात के चलते यह काम नहीं हो पाया। इस काम के टेंडर पिछले साल ही ठेकेदार को अवार्ड हो चुके हैं। ऐसे में इन्हें शुरू करने के लिए निर्वाचन आयोग की मंजूरी जरूरी नहीं है। निगम प्रशासन ने ठेकेदार को इन सड़कों की टारिंग करने को कहा है। शहर में अन्य वार्डाें में भी सड़कों की टारिंग होनी है। इसके टेंडर अभी आमंत्रित किए हैं। इस काम के लिए नगर निगम ने निर्वाचन आयोग से मंजूरी मांगी है। शहर में राष्ट्रपति की आवाजाही के लिए कई रूट अभी चिह्नित होने हैं। इसके बाद इनकी मरम्मत का काम भी शुरू होगा। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि शहर में सड़कों की टारिंग के निर्देश जारी कर दिए हैं।