राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दो वर्षीय डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन) शैक्षणिक सत्र 2019-21 में प्रवेश का शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रवेश परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा।
प्रदेश के 12 सरकारी शिक्षण संस्थानों सहित करीब दो दर्जन निजी शिक्षण संस्थानों में डीएलएड में प्रशिक्षुओं के प्रवेश के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रवेश परीक्षा लेगा। परीक्षा में अर्जित अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।
इसके बाद शिक्षण संस्थान का आवंटन होगा। स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रदेश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 28 जुलाई को प्रवेश परीक्षा लेगा। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी 15 जुलाई तक बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सामान्य वर्ग से संबंधित अभ्यर्थी 600 रुपये शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं। एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है।
उधर, राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि डीएलएड प्रवेश परीक्षा 28 जुलाई को 11 से एक बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कर प्रवेश दिया जाएगा।