अपनी दादी का मृत्यु प्रमाणपत्र लेने के लिए इंग्लैंड का एक दंपती सोमवार को नगर निगम शिमला पहुंचा। दंपती ने यहां पर अपनी दादी का मृत्यु प्रमाणपत्र लेने के लिए निगम में आवेदन किया। इंग्लैंड के रहने वाले दंपती टैली ब्लेसवैथ ने बताया कि उनकी दादी एलिजाबेथ ह्यूज की मौत शिमला में हुई थी। वह ब्रिटिशकाल में सेना में ड्यूटी देती थी। वहीं 1894 में उनकी मौत हुई थी। लिहाजा आवेदन के बाद नगर निगम ने रिकाॅर्ड की जांच करवाई। ब्रिटिशकाल में ग्रीष्मकालीन राजधानी में अंग्रेज अधिकारी व उनके परिवार के सदस्य यहां पर रहते थे। ऐसे में उनके जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र का पूरा रिकाॅर्ड आज भी निगम के पास मौजूद है। यहीं वजह है कि जब सोमवार को इंग्लैंड के दंपती टैली ब्लेसवैथ नगर निगम में दादी का मृत्यु प्रमाणपत्र लेने आए तो निगम की स्वास्थ्य शाखा ने उनके रिकाॅर्ड ढूंढने में मदद की।