बिलासपुुर के कोट में बन रही रेलवे की टनल, जिसका काम बंद है।
बिलासपुर। भानुपल्ली-बैरी रेल लाइन पर बन रही टनल नंबर 14 का आगे का निर्माण होगा या नहीं, यह अब रेल विकास निगम के इंजीनियर तय करेंगे। निगम के इंजीनियरों की टीम जल्द ही टनल का निरीक्षण करेगी। फिलहाल टनल का काम पांच दिन से बंद है।
इस टनल के ऊपर से एक व्यक्ति ने बोर कराया है और बोर की पाइप टनल के बीच होकर निकल गई है। इसके बाद से ही टनल के धराशायी होने की आशंका में काम बंद करना पड़ा है। बोर कराने वाले व्यक्ति पर सदर थाना में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
29 जनवरी को एक स्थानीय व्यक्ति ने टनल के ऊपर बोर करा दिया था। बोर की पाइप टनल के बीच होकर निकल गई थी। टनल के बीच से निकली पाइप को देखकर उस समय काम कर रहे 20 कामगारों को भी निर्माण कार्य को छोड़ कर भागना पड़ा था। घटना के बाद से ही निर्माण कर रही कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड ने टनल का काम बंद करवा दिया। कंपनी के इंजीनियरों का मानना है कि बोर की वजह से सुरंग की स्थिरता पर बहुत प्रभाव पड़ा है। रेलवे की यह टनल 2200 मीटर लंबी बनाई जानी है। अभी इसका 200 मीटर से अधिक काम हो चुका है। अब इसका आगे का निर्माण होगा या नहीं यह रेलवे विकास निगम की टीम तय करेगी। दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के जन संपर्क अधिकारी राकेश आनंद ने बताया कि टनल का काम बंद है। रेल विकास निगम के इंजीनियर टनल का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण में देखा जाएगा की टनल को कितना नुकसान हुआ है। इसके बाद आगे के ही निर्माण कार्य पर फैसला लिया जाएगा।