दो दशक से जोड़ों के रोग से पीड़ित एक युवती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्वेच्छा से मरने की स्वीकृति मांगी है। युवती पहले भी प्रदेश सरकार से मरने की इच्छा जाहिर कर चुकी है। इंजीनियरिंग में टॉप कर चुकी युवती सीमा का दुख देख भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार सुगर में उनके घर जाकर मिले।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक प्रवीण कुमार भी थे। सीमा पिछले 25 सालों से जोड़ों के दर्द से जूझ रही है और अब हालात यह है कि वह न ही चल सकती है और न उठ सकती है। सीमा को बीमारी ने इस कदर घेर लिया है कि वह अब वह अपने हाथों से खाना भी नहीं खा सकती है।
ऐसे में उसका जीवन एक चुनौती बनकर रह गया है। सीमा ने इससे पहले पूर्व भाजपा सरकार के समय भी मरने की इच्छा जताई थी। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पालमपुर के पूर्व विधायक के माध्यम से सीमा को इलाज के लिए करीब 9 लाख रुपये की सहायता दी थी।