शिमला। शहर के बाजारों में मनमाने तरीके से दुकानें सजाने वाले कारोबारियों पर नगर निगम सख्ती करने जा रहा है। निगम ने शुक्रवार से दुकानों की वीडियोग्राफी शुरू कर दी है।
इस दौरान जो कारोबारी अतिक्रमण और ओवर हैंगिंग करते पाए जाएंगे, नगर निगम उनका बिजली और पानी का कनेक्शन काट देगा। नगर निगम प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों को लागू करते हुए अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई करने जा रहा है। हालांकि, नगर निगम ने कुछ महीने पहले भी ऐसी ही सख्ती के दावे किए थे, लेकिन बाद में एक भी कारोबारी का कनेक्शन नहीं काटा गया। अब देखना होगा कि इस बार नगर निगम अपने दावों पर कितना खरा उतरता है। उधर, तहबाजारियों पर नगर निगम की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। निगम की टीम ने शिकायत मिलने पर खलीनी से तीन तहबाजारियों को हटाया। इसके अलावा मालरोड और हाईकोर्ट के समीप भी अवैध रूप से बैठे तहबाजारियों को हटाया गया। निगम आयुक्त पंकज राय का कहना है कि वीडियोग्राफी की जा रही है। इस दौरान जो भी कारोबारी अतिक्रमण करते पकड़े जाएंगे, उनका बिजली और पानी काट दिया जाएगा।
कार्रवाई होते ही मेयर ऑफिस पहुंच रहे तहबाजारी
एक ओर नगर निगम की टीम अवैध तहबाजारियों को उठा रही है तो दूसरी ओर जनप्रतिनिधि इन्हें फिर उसी जगह पर बिठा रहे हैं। लक्कड़ बाजार, मालरोड एरिया में निगम की कार्रवाई के बाद आए दिन तहबाजारी मेयर कार्यालय पहुंच रहे हैं। यहां बैठने की मंजूरी मिलते ही तुरंत अपनी दुकानें सजा रहे हैं। कई जगह तो तहबाजारी पार्षदों के कहने पर भी नहीं उठ रहे। संजौली चौक पर बैठ रहे तहबाजारियों की पार्षद सत्या कौंडल कई बार शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन निगम तहबाजारी को उठा नहीं पा रहा।